,,पिछले कुछ वर्षों से ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानन्द सरस्वती देशभर में गौ रक्षा के उद्देश्य से “गौ माता-राष्ट्रमाता” अभियान चला रहे हैं। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य भारत में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग को मजबूत करना है। इसी क्रम में आगामी 3 मई से उत्तर प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में उनकी “गविष्ठी यात्रा” प्रस्तावित है, जिसके माध्यम से वे लोगों को गौ संरक्षण के प्रति जागरूक करेंगे और “रामा गौ धाम” के निर्माण के लिए प्रेरित करेंगे।
इसी बीच शंकराचार्य को कथित तौर पर जान से मारने की धमकियां मिलने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, 1 अप्रैल 2026 को ज्योतिर्मठ के आधिकारिक नंबर पर आपत्तिजनक और धमकी भरे संदेश प्राप्त हुए। इसके बाद 6 अप्रैल को वॉइस मेल के जरिए भी अभद्र भाषा में धमकी दी गई। इन संदेशों में उनकी यात्रा के दौरान जान से मारने जैसी बातें कही गई हैं, जिससे सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता उत्पन्न हो गई है।
इस घटना के बाद समर्थकों और धर्मावलंबियों में रोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि गौ रक्षा जैसे विषय पर आवाज उठाना किसी भी प्रकार से अनुचित नहीं है और इस तरह की धमकियां लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए भी चिंता का विषय हैं।
अब सवाल यह उठता है कि इन धमकियों के पीछे कौन लोग हैं और उनकी मंशा क्या है। प्रशासन से इस पूरे मामले की गंभीर जांच और शंकराचार्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की जा रही है।
संजय पांडेय मिडिया प्रभारी।








