Search
Close this search box.

मुगलसराय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर जयंती पर दी श्रद्धांजलि, संविधान रक्षा का लिया संकल्प

मुगलसराय। मुगलसराय शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर ओडवार स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उनके बताए मार्ग पर चलने और संविधान की रक्षा करने का संकल्प लिया गया।

आयोजित गोष्ठी में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दयाराम पटेल ने बाबा साहब को विधिवेत्ता, अर्थशास्त्री, राजनीतिज्ञ एवं महान समाज सुधारक बताते हुए कहा कि उन्होंने समाज के पिछड़े और दलित वर्ग के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया।

वहीं शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने भारतीय संविधान को अमूल्य योगदान दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग संविधान के विपरीत कार्य कर उसे बदलने का प्रयास कर रहे हैं, जिसे कांग्रेस जन कभी सफल नहीं होने देंगे। उन्होंने यह भी बताया कि बाबा साहब देश के पहले कानून मंत्री रहे।

गोष्ठी में वरिष्ठ नेता शाहिद तौसीफ ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने समाज में व्याप्त असमानता को खत्म करने का कार्य किया, जिसके परिणामस्वरूप आज भारत का संविधान और संस्कृति विश्व में सम्मानित है। उन्होंने कहा कि संविधान को कमजोर करने वाली शक्तियों का मजबूती से विरोध करना आवश्यक है।

इस कार्यक्रम में बृजेश गुप्ता, दयाराम पटेल, शाहिद तौसीफ, विजय गुप्ता, मुराहू राम, संजय जायसवाल, रमेश पांडेय, देवेश महाराज, कन्हैया मोदनवाल, अनिल माली, इम्तियाज अहमद, मुन्नी सिंह, रामाश्रय रावत, सरोज सिंह, दीनानाथ, अनिल यादव सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें