बलिया । जनपद के अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत भीमपुरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने महिलाओं के आभूषण व पुराने पीतल के बर्तन साफ करने के बहाने गहने चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त की रात इब्राहिम पट्टी-उद्धरन मार्ग पर प्रेमरजा गांव के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्धों को घेरा। इस दौरान आरोपी अरविन्द सोनी (42), निवासी पंचवीर, साहेबपुर कमाल, बेगूसराय (बिहार) ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। उसे उपचार के लिए सीएचसी नगरा भेजा गया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई गई।
मौके से उसके साथी पंकज सोनी (19) को भी गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने 21 और 24 अगस्त को गांव-गांव घूमकर महिलाओं के गहने साफ करने के बहाने चोरी करने की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से .315 बोर का तमंचा, कारतूस, खोखा, तीन पीली धातु के आभूषण, 15,600 रुपये नकद और मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।








