चंदौली। Pandit Deen Dayal Upadhyay Nagar में बढ़ती जाम की समस्या को लेकर वरिष्ठ अधिवक्ता संतोष कुमार पाठक ने मुख्यमंत्री से सिक्स लेन सड़क निर्माण की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री Yogi Adityanath को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
बताया गया कि अधिवक्ता संतोष कुमार पाठक ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर एसडीएम विजय कुमार त्रिवेदी को ज्ञापन सौंपा और नगर में सिक्स लेन सड़क निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया।
ज्ञापन में कहा गया है कि नगर से होकर गुजरने वाला राज्य मार्ग संख्या 120 अत्यंत व्यस्त मार्ग है, जहां एक बड़ा रेलवे जंक्शन होने के कारण प्रतिदिन भारी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। इसके चलते नगर के मुख्य बाजार, पुराने जीटी रोड पर रोजाना भीषण जाम की स्थिति बनी रहती है।
उन्होंने बताया कि जाम के कारण एंबुलेंस घंटों फंसी रहती हैं, स्कूली बसों में बच्चे परेशान होते हैं और कई बार यात्रियों की ट्रेन तक छूट जाती है। इससे व्यापारियों, वकीलों, छात्रों और आम नागरिकों को रोजाना भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि पड़ाव से गुरुद्वारा तक सड़क सिक्स लेन है, लेकिन नगर क्षेत्र में प्रवेश करते ही इसे फोर लेन कर दिया गया है, जबकि जाम की सबसे अधिक समस्या इसी हिस्से में है।
अधिवक्ता ने आरोप लगाया कि पर्याप्त जमीन उपलब्ध होने के बावजूद सिक्स लेन सड़क का निर्माण नहीं किया जा रहा है और इसमें भ्रष्टाचार व अतिक्रमण को संरक्षण देने की बात भी कही।
उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि GT Road (राजमार्ग संख्या 120) पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के मुख्य बाजार में सर्विस रोड के साथ सिक्स लेन सड़क का निर्माण सुनिश्चित कराया जाए, ताकि जाम की समस्या से स्थायी समाधान मिल सके।








