Search
Close this search box.

अतीक-अशरफ हत्याकांड के तीन साल बाद खत्म हुआ साम्राज्य, सूनी कब्रें और बदलते अपराधी समीकरणों की कहानी

प्रयागराज । में कुख्यात माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या को 15 अप्रैल को तीन वर्ष पूरे हो गए। 15 अप्रैल 2023 को कालविन अस्पताल के बाहर हुई इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे देश को झकझोर दिया था। कभी शहर में दहशत का पर्याय रहे अतीक और अशरफ आज सिर्फ एक बीती कहानी बनकर रह गए हैं।

तीसरी बरसी पर कसारी-मसारी कब्रिस्तान में दफन अतीक, अशरफ और अतीक के बेटे असद अहमद की कब्रें पूरी तरह सूनी नजर आईं। न कोई फातिहा पढ़ने पहुंचा और न ही किसी ने फूल चढ़ाए। बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्य, जिनमें अतीक के बेटे ऐजम और अबान शामिल हैं, शहर से बाहर हैं।

उमेश पाल हत्याकांड के बाद से अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन समेत कई आरोपी अब भी फरार हैं। साबिर, अरमान और गुड्डू मुस्लिम पर लाखों रुपये का इनाम घोषित है, लेकिन पुलिस को अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिला है। वहीं अशरफ की पत्नी जैनब फातिमा और अतीक की बहन अएशा नूरी भी लापता बताई जा रही हैं।

तीन वर्षों में अतीक का साम्राज्य पूरी तरह खत्म हो चुका है। चकिया स्थित उसका आलीशान मकान अब खंडहर में तब्दील हो गया है, जहां कभी उसके फैसले चलते थे, वहां अब बच्चे खेलते नजर आते हैं। अतीक की मौत के बाद उसका गैंग बिखर गया और कई सदस्य जेल भेजे गए। अब बदलते समीकरणों के बीच शहर का अपराध जगत नई दिशा ले रहा है।

Leave a Comment

और पढ़ें