वाराणसी ।के लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र स्थित पहाड़िया फल मंडी में एक आढ़त कर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 45 वर्षीय श्याम जी यादव के रूप में हुई है, जो चौबेपुर थाना क्षेत्र के गौरा ऊपरवार गांव के निवासी थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार श्याम जी यादव मंडी के पास एक चाय की दुकान पर चाय पी रहे थे। चाय पीने के बाद जैसे ही वह कुछ कदम आगे बढ़े, अचानक जमीन पर गिर पड़े।
घटना के बाद आसपास मौजूद आढ़ती और श्रमिक तुरंत उन्हें पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।







