वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में 17 अप्रैल 2026 को महाप्रबंधक आशुतोष पंत के मार्गदर्शन में 69वें एवं 70वें वार्षिक विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन बरेका प्रेक्षागृह में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लाल जी चौधरी द्वारा महाप्रबंधक का पौधा भेंट कर स्वागत से हुआ, जिसके बाद दीप प्रज्वलन कर विधिवत उद्घाटन किया गया।

समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। कृष्ण रास रागनी (कत्थक शैली), गजल “ये दौलत भी ले लो…” तथा डेढ़िया लोक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद जनसंपर्क विभाग द्वारा बरेका की उपलब्धियों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म दिखाई गई, जिसमें लोको निर्माण, हरित ऊर्जा और संस्थान के गौरवशाली इतिहास को दर्शाया गया।

इस अवसर पर विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार पत्रिका का विमोचन भी किया गया। वर्ष 2024 एवं 2025 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 31 अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। विभिन्न अनुभागों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सामूहिक पुरस्कार प्रदान किए गए।

अपने संबोधन में महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने कहा कि यह समारोह कर्मचारियों की प्रतिबद्धता और राष्ट्र निर्माण में योगदान का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि ‘मेक इन इंडिया’ के तहत बरेका ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 572 लोकोमोटिव का रिकॉर्ड उत्पादन किया, जो पिछले वर्ष से लगभग 20% अधिक है। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।








