मीरजापुर। पुलिस अधीक्षक मीरजापुर अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में जनपद में अपराध नियंत्रण और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई में गोवध निवारण, पशु क्रूरता, दहेज हत्या और शांति व्यवस्था भंग करने के मामलों में कई अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।

थाना सन्तनगर पुलिस ने गोवध निवारण अधिनियम व पशु क्रूरता अधिनियम से संबंधित मामले में वांछित अभियुक्त इन्तजार अंसारी पुत्र मोहम्मद समसुद्दीन निवासी नेगुरा, थाना धानापुर, जनपद चन्दौली को गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी पटेहरा तिराहा के पास मुखबिर की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार के नेतृत्व में की गई। अभियुक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया गया।
वहीं थाना पड़री पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में वांछित अभियुक्त (पति) प्रवेश कुमार पुत्र लालबिहारी निवासी अघवार, थाना पड़री को गिरफ्तार किया। यह मामला 17 फरवरी 2026 को दर्ज किया गया था, जिसमें आरोप था कि दहेज की मांग पूरी न होने पर पीड़िता अंगुरी देवी की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उपनिरीक्षक अनिरुद्ध सिंह की टीम द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
इसके अतिरिक्त जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के तहत कुल 26 व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170/126/135 के अंतर्गत चालान किया गया। थानावार कार्रवाई में विन्ध्याचल से 8, कोतवाली शहर से 3, कोतवाली देहात से 3, पड़री से 1, कछवां से 4, चुनार से 2, जमालपुर से 1, सन्तनगर से 2 तथा राजगढ़ से 2 व्यक्तियों पर कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि अपराधियों और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।








