बलिया। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित “मिशन शक्ति फेज-05” के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपद बलिया में महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में सभी थानों की मिशन शक्ति टीम और महिला सुरक्षा दल ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जाकर महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।

अभियान के दौरान महिलाओं को आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090 (वीमेन पावर लाइन), 112 (पुलिस सहायता), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) और 181 (वन स्टॉप सेंटर) के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही उन्हें किसी भी संकट की स्थिति में तुरंत इन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

महिलाओं को शिकायत निवारण की प्रक्रिया, महिला हेल्प डेस्क, जनसुनवाई पोर्टल और महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराने के तरीकों की जानकारी दी गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से मिलने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता के बारे में भी बताया गया।

साइबर सुरक्षा को लेकर भी विशेष जागरूकता फैलाई गई, जिसमें अज्ञात लिंक या ओटीपी साझा न करने और साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 पर संपर्क करने की सलाह दी गई। बच्चों को ‘गुड टच’ और ‘बैड टच’ के बारे में समझाते हुए उनकी सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया गया। यह अभियान महिलाओं और बालिकाओं को आत्मविश्वासी एवं सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।
सजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।









