वाराणसी। स्थित शशिभूषण बालिका विद्यालय डिग्री कॉलेज में ‘पंडित बिरजू महाराज कल्चरल क्लब’ के तत्वावधान में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023’ विषय पर आधारित इंटर-कॉलेजिएट प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न महाविद्यालयों की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और नारी सशक्तिकरण के प्रति अपनी जागरूकता, प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर अंजुम इस्लाम द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अपने संबोधन में उन्होंने नारी शक्ति के महत्व को रेखांकित करते हुए छात्राओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर क्विज, पोस्टर प्रतियोगिता, पदयात्रा एवं मानव श्रृंखला जैसे आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जो मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे। छात्राओं ने पूरे जोश और उत्साह के साथ सभी प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
कार्यक्रम की समन्वयक प्रो. बिंदु एवं संयोजक डॉ. अंशुल सिंह के साथ प्रो. मधु चौहान, प्रो. चंदना बोस, डॉ. रंजीता राय और हर्षा सनवाल सहित शिक्षकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति रही। आयोजन की सफलता में डॉ. सौरभ मिश्रा, डॉ. अनामिका मौर्य और श्रीमती रमा मिश्रा का विशेष योगदान रहा।






