वाराणसी। 22 अप्रैल 2026। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देश एवं मंडल क्रीड़ा अधिकारी बलेन्द्र पाल के नेतृत्व में वाराणसी मंडल क्रीड़ा स्थल पर आयोजित अंतर विभागीय ग्रीष्मकालीन T-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में आज क्वार्टर फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और सिगनल विभाग के बीच खेले गए इस मैच में RPF ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 199 रन बनाए।
टीम की ओर से शाहनवाज ने 40, रामप्रवेश ने 34 और गिरिजेश विश्वकर्मा ने 27 रनों का योगदान दिया। जवाब में सिगनल विभाग की टीम 200 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 198 रन ही बना सकी और मात्र 1 रन से मैच हार गई। सिगनल विभाग के अजय ने शानदार 63 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
RPF की ओर से संतोष यादव ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट लिए और उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत के साथ रेलवे सुरक्षा बल ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है।
प्रतियोगिता के अगले चरण में 23 अप्रैल को चौथा क्वार्टर फाइनल तथा पहला सेमीफाइनल मैच खेला जाएगा, जबकि 24 और 25 अप्रैल को क्रमशः दूसरा सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबला आयोजित होगा।









