वाराणसी । जनपद में अप्रैल महीने में ही तेज धूप और लू के बढ़ते प्रभाव ने वाराणसी में आम जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। चिलचिलाती धूप से राहगीरों और वाहन चालकों को राहत देने के लिए नगर निगम ने एक अनूठी पहल शुरू की है। इसके तहत शहर के प्रमुख चौराहों और गंगा घाटों पर ‘ग्रीन शेड’ यानी हरे पर्दे लगाए जा रहे हैं, जिससे लोगों को सीधी धूप और गर्म हवा से बचाव मिल सके।

इस अभियान की शुरुआत रथयात्रा चौराहे से की गई है। नगर निगम के मुख्य अभियंता आरके सिंह के अनुसार, ट्रैफिक सिग्नल पर रुकने वाले लोग सबसे अधिक गर्मी का सामना करते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए लहुराबीर, मलदहिया (पटेल जी की मूर्ति के पास) और दशाश्वमेध जैसे व्यस्त स्थानों को भी इस योजना में शामिल किया गया है। साथ ही गंगा घाटों पर भी यह व्यवस्था की जा रही है, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को राहत मिल सके।

इसके अतिरिक्त नगर निगम ने शहर के विभिन्न हिस्सों में 17 स्थानों पर आधुनिक वाटर कूलर और 22 स्थानों पर प्याऊ की व्यवस्था की है। इस पहल से भीषण गर्मी में लोगों को ठंडा पानी आसानी से उपलब्ध होगा और उन्हें काफी राहत मिलेगी।











