बलिया । शहर के कदम चौराहा पर पूर्व मंत्री स्व. बच्चा पाठक की 9वीं पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष संजय मिश्रा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और गणमान्य नागरिकों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने स्व. बच्चा पाठक के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें जनसेवा के लिए समर्पित एक करिश्माई नेता बताया। उन्होंने कहा कि राजनीति में नेता और जनता का रिश्ता परिवार जैसा होता है, जिसमें मतभेद हो सकते हैं, लेकिन संबंध अटूट रहते हैं। यही कारण था कि स्व. पाठक अपने क्षेत्र में हमेशा लोकप्रिय और लोगों से जुड़े रहे।
कार्यक्रम में आयोजक सियाराम यादव को कामेश्वर चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से स्मृति चिन्ह, अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनार्दन राय एवं संचालन संतोष तिवारी ने किया। अंत में आयोजक सियाराम यादव ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।










