अहरौरा (मिर्जापुर)। जिले की पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने शनिवार को वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग स्थित अहरौरा सुकृत बॉर्डर पर नवनिर्मित पुलिस चौकी भलदरिया (थाना अहरौरा) का लोकार्पण किया। यह चौकी बैजू बाबा फिलिंग स्टेशन के सामने पुलिस एवं जनसहयोग से तैयार की गई है, जिसका उद्देश्य क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना है।
उद्घाटन समारोह में पहुंचने पर पुलिस अधीक्षक का स्वागत क्षेत्राधिकारी मड़िहान शिखा भारती एवं थाना प्रभारी द्वारा किया गया। इसके बाद उन्होंने विधिवत पूजन-अर्चन कर फीता काटकर चौकी का उद्घाटन किया। इस दौरान परिसर को हरा-भरा बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण भी किया गया तथा एक नए कक्ष की नींव रखी गई।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यह चौकी थाने से दूरी को ध्यान में रखते हुए स्थापित की गई है। यह स्थान पर्यटन स्थल के समीप एवं हाईवे पर स्थित होने के कारण आउट पोस्ट के रूप में कार्य करेगी और अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) राजकुमार मीणा, थाना अध्यक्ष अदलहाट अजय सेठ, थाना प्रभारी अहरौरा अजय कुमार मिश्रा, एक्वा जंगल वाटर पार्क के स्वामी राकेश कुमार सिंह, बैजू बाबा फिलिंग स्टेशन के मुकुंद जायसवाल सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग, पत्रकार एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
रिपोर्टिंग अनुप कुमार





