वाराणसी। 25 अप्रैल 2026। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन एवं मंडल क्रीड़ा अधिकारी बलेन्द्र पाल के नेतृत्व में आयोजित ग्रीष्मकालीन अंतर विभागीय T-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला शनिवार को वाराणसी मंडल क्रीड़ा स्थल पर खेला गया। यह मुकाबला परिचालन विभाग और विद्युत विभाग के बीच हुआ, जिसमें परिचालन विभाग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 193 रनों के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए परिचालन विभाग ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 351 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से मनीष कुमार ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 51 गेंदों में 141 रन बनाए, जिसमें 14 चौके और 12 छक्के शामिल रहे। रामप्रवेश यादव ने 25 गेंदों में 85 रन, गजानंद कुमार ने 17 गेंदों में 51 रन और गौरव कुमार ने 12 गेंदों में 37 रन का योगदान दिया। विद्युत विभाग की ओर से मुनि कुमार ने 2 विकेट लिए।
352 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी विद्युत विभाग की टीम 15.4 ओवर में 158 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से अभिनव सिंह ने 45 रन, संजय साहू ने 35 रन और अनिल यादव ने 21 रन बनाए। परिचालन विभाग की ओर से गजानंद कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके, जबकि विमलेश कुमार और अजीत कुमार ने दो-दो विकेट हासिल किए।
समापन समारोह में मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने विजेता परिचालन विभाग को ट्रॉफी प्रदान की, जबकि उपविजेता विद्युत विभाग को सम्मानित किया गया। मनीष कुमार को मैन ऑफ द मैच, गजानंद कुमार को बेस्ट बॉलर, विजय कुमार को बेस्ट बैट्समैन और रामप्रवेश यादव को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार दिया गया।
इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में खेल भावना और टीमवर्क की सराहना की गई।





