बलिया । जनपद के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र में एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बेल्थरा मार्ग पर नवानगर चांडी के समीप सोमवार दोपहर एक 25 वर्षीय युवती की ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान कोथ महरो गांव निवासी पूजा सिंह, पुत्री शिवाजी सिंह के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पूजा सिंह अपने भाई के साथ बाइक से बेल्थरा से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में ईंट लदा एक ट्रैक्टर जा रहा था, जिसकी चपेट में आने से वह अनियंत्रित होकर सीधे ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आ गई। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि 29 अप्रैल को मृतका के भाई का तिलक कार्यक्रम होना था और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। पूजा भी इसी खुशी के मौके पर शामिल होने के लिए घर लौट रही थी, लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियों को गहरे मातम में बदल दिया।
थाना प्रभारी मूलचंद चौरसिया ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया गया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।







