मीरजापुर । जनपद के अदलहाट थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर पिस्टल लहराते हुए डांस करने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार 30 अप्रैल 2026 को वायरल वीडियो संज्ञान में आने के बाद जांच शुरू की गई, जिसमें युवक की पहचान छोटू पुत्र किशोरी निवासी बरईपुर थाना अदलहाट के रूप में हुई।
पूछताछ में पता चला कि आरोपी एक शादी समारोह में शामिल होने गया था, जहां डांस के दौरान वह हाथ में पिस्टल जैसी वस्तु लेकर वीडियो बनवा रहा था। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर जब जांच की तो वीडियो में दिखाई दे रही पिस्टल असली नहीं बल्कि एक नकली टॉय गन निकली।
हालांकि सार्वजनिक स्थान पर हथियार जैसा प्रदर्शन कर भय और गलत संदेश फैलाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना अदलहाट पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर ऐसे भ्रामक और आपत्तिजनक प्रदर्शन से बचने की अपील की है।








