मीरजापुर । में गुरुवार को पुलिस महानिरीक्षक आर.पी. सिंह ने पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक एवं अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में थाना कोतवाली देहात का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय, अभिलेखों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। आईजी ने साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने तथा अपराध रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर, भूमि विवाद रजिस्टर, महिला बीट रजिस्टर सहित सभी अभिलेखों को अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने लंबित माल मुकदमाती और वाहनों के न्यायालयीय आदेशों के अनुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण तथा थाने पर आने वाले फरियादियों की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनकर त्वरित कार्रवाई करने पर जोर दिया।
आईजी ने मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला सुरक्षा और जागरूकता कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान ग्राम प्रहरियों को साइकिल, टॉर्च और लाठी वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।








