Search
Close this search box.

मीरजापुर में राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार वाहन को हरी झंडी, 9 मई को 41 हजार मामलों के निस्तारण का लक्ष्य

मीरजापुर। 4 मई 2026। जनपद न्यायाधीश अरविन्द कुमार मिश्रा ने दीवानी न्यायालय परिसर से राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार हेतु जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय संजय कुमार शुक्ला, अपर जिला जज एवं नोडल अधिकारी संतोष कुमार गौतम, विशेष न्यायाधीश रिचा जोशी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राहुल कुमार सिंह, इंडियन बैंक की लॉ ऑफिसर मयूरी दत्ता सहित कई न्यायिक अधिकारी और अधिवक्ता उपस्थित रहे।

जनपद न्यायाधीश ने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में 9 मई 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन दीवानी न्यायालय मीरजापुर, चुनार, मड़िहान सहित राजस्व, नगर पालिका, वन, चकबंदी और अन्य विभागीय न्यायालयों में होगा। लोक अदालत में बैंक ऋण, वैवाहिक प्री-लिटिगेशन, चेक बाउंस, मोटर दुर्घटना, बिजली, राजस्व एवं सिविल मामलों का आपसी समझौते से निस्तारण कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि पिछले लोक अदालत में 81,505 मामलों का निस्तारण हुआ था, जबकि इस बार करीब 41 हजार मामलों को चिन्हित किया गया है। साथ ही ई-चालान और लघु आपराधिक मामलों के लिए सरल पेटी ऑफेंस डिपॉजिट योजना के तहत जुर्माना ऑनलाइन अथवा बैंक में जमा करने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

डीएलएसए सचिव विनय आर्या ने बताया कि 6, 7 और 8 मई को विशेष लोक अदालत आयोजित कर चालान एवं छोटे आपराधिक मामलों का निस्तारण किया जाएगा। अधिकारियों ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर लोक अदालत का लाभ उठाने की अपील की।

बसंत कुमार गुप्ता रिपोर्टिंग।

Leave a Comment

और पढ़ें