गाजीपुर । में महज 300 रुपये के विवाद ने दोस्ती को खूनी अंजाम तक पहुंचा दिया। थाना कासिमाबाद क्षेत्र में शराब के नशे में हुए मामूली झगड़े ने एक युवक की जान ले ली। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार थाना कासिमाबाद में दर्ज मुकदमा संख्या 202/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ जांच चल रही थी। विवेचना के दौरान पता चला कि 24 मई 2026 को मृतक बालालखन्दर और उसका दोस्त रंजय उर्फ जब्बर शराब पीने के दौरान 300 रुपये को लेकर आपस में भिड़ गए थे। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी रंजय ने गुस्से में आकर बालालखन्दर के सिर पर ईंट से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी। 28 मई को प्रभारी निरीक्षक कासिमाबाद ने अपनी टीम के साथ गंगौली-मोहम्मदाबाद रोड स्थित नट बाबा मंदिर के पास से आरोपी रंजय उर्फ जब्बर पुत्र हरिश्चंद्र निवासी हसनपुर, थाना कासिमाबाद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त ईंट, घटना के समय पहनी गई टी-शर्ट और मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।










