गुजरात । के अहमदाबाद में बैंक ऑफ बड़ौदा के आरबीआई करेंसी चेस्ट से 8.70 करोड़ रुपये की चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में नया सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस के अनुसार बैंक के जूनियर जॉइंट कस्टोडियन हर्षिद्ध कडियार ने दो कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों की मदद से 500 रुपये के नोटों के 174 बंडल लोहे के बक्सों में भरकर कचरे के नाम पर करेंसी चेस्ट से बाहर निकलवा दिए।
चोरी का खुलासा घटना के करीब चार महीने बाद ऑडिट के दौरान हुआ, जिसके बाद पुलिस ने जांच तेज की। मामले में मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अब तक चोरी की रकम में से 2.20 करोड़ रुपये बरामद किए जा चुके हैं।
जांच एजेंसियों के मुताबिक आरोपी ने चोरी के पैसों से आलीशान बंगला, दुकान और लग्जरी गाड़ी खरीदी थी। इसके अलावा बड़ी रकम क्रिप्टोकरेंसी में भी निवेश की गई। पुलिस अब शेष रकम की तलाश में जुटी है और मामले से जुड़े अन्य संभावित लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। यह घटना बैंकिंग सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।









