Search
Close this search box.

पीएम मोदी की अपील और बढ़ी इंपोर्ट ड्यूटी का असर, सोने की बिक्री में 70 फीसदी की भारी गिरावट

नई दिल्ली। देश में सोने की मांग में पिछले दो सप्ताह के दौरान भारी गिरावट दर्ज की गई है। उद्योग से जुड़े आंकड़ों के अनुसार 13 मई के बाद सोने की डिमांड में लगभग 70 प्रतिशत की कमी आई है। जहां पिछले वर्ष इसी अवधि में करीब 25 टन सोने की मांग थी, वहीं इस बार यह घटकर लगभग 7.5 टन रह गई है।

विशेषज्ञों के अनुसार केंद्र सरकार द्वारा सोने पर आयात शुल्क 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत किए जाने के बाद बाजार पर इसका सीधा असर पड़ा है। बढ़ी हुई ड्यूटी के कारण सोने पर कुल कर भार 9.18 प्रतिशत से बढ़कर 18.45 प्रतिशत तक पहुंच गया है। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा एक वर्ष तक सोने की खरीदारी टालने की अपील का भी उपभोक्ताओं पर प्रभाव देखने को मिला है।

इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के राष्ट्रीय सचिव सुरेंद्र मेहता ने बताया कि शुल्क वृद्धि के बाद देशभर के जौहरियों से मांग में तेज गिरावट की रिपोर्ट मिली है। वहीं ज्वैलरी रिटेल क्षेत्र से जुड़े कारोबारियों का कहना है कि महंगाई, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतें और घरेलू खर्च बढ़ने के कारण भी ग्राहक फिलहाल सोने की खरीदारी से दूरी बना रहे हैं। इससे पूरे सर्राफा बाजार पर व्यापक असर पड़ा है।

Leave a Comment

और पढ़ें