Search
Close this search box.

वाराणसी में रेलवे बोर्ड की उच्चस्तरीय बैठक संपन्न, विद्युत उपकरणों और सर्किटों के मानकीकरण पर बना रोडमैप

वाराणसी। 30 मई 2026 भारतीय रेलवे के सामान्य विद्युत विभाग में विद्युत उपकरणों एवं विद्युत सर्किटों के मानकीकरण को लेकर अनुरक्षण अध्ययन समूह (Maintenance Study Group) की तीसरी दो दिवसीय बैठक वाराणसी मंडल के भारतेंदु सभाकक्ष में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता रेलवे बोर्ड के सदस्य (ट्रैक्शन एवं रोलिंग स्टॉक) आर. राजगोपाल ने की।

बैठक में रेलवे बोर्ड, आरडीएसओ, सीआरआईएस, पूर्वोत्तर रेलवे तथा विभिन्न जोनल रेलों एवं उत्पादन इकाइयों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। राजगोपाल ने कहा कि विद्युत उपकरणों और सर्किटों का मानकीकरण रेलवे संचालन को अधिक सुरक्षित, विश्वसनीय और समयबद्ध बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

बैठक में तीन-फेज लोकोमोटिव के संशोधित सर्किट डायग्राम, वायरिंग स्कीम, कवच, डीपीडब्ल्यूसीएस और वीसीडी जैसी सुरक्षा प्रणालियों के एकीकृत मानकीकरण पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही शॉर्ट सर्किट सुरक्षा, सर्किट ब्रेकरों की रेटिंग, रिले सेटिंग्स तथा ट्रैक्शन मोटर, कन्वर्टर और ट्रांसफार्मर जैसे उपकरणों के आयामों और कनेक्टरों को एकरूप बनाने पर सहमति बनी।

अधिकारियों ने स्मार्ट मॉनिटरिंग, प्रेडिक्टिव मेंटेनेंस, डायग्नोस्टिक डेटा सिस्टम (DDS) की लाइव निगरानी तथा मौसम के अनुरूप उपकरणों के रखरखाव पर विशेष बल दिया। बैठक में आरडीएसओ द्वारा विकसित मानकीकृत टूल किट, सुरक्षा उपकरण तथा विभिन्न जोनल रेलों के सर्किट डायग्राम और पैनलों का प्रदर्शन भी किया गया।

बैठक के अंत में विद्युत आपूर्ति प्रणालियों के सुरक्षित संचालन हेतु Electrical General Service Manual के निर्देशों के पालन तथा तकनीकी मानकों के लिए आरडीएसओ की वेबसाइट के व्यापक उपयोग पर जोर दिया गया। यह बैठक भारतीय रेलवे में विद्युत प्रणालियों की एकरूपता, सुरक्षा और दक्षता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें