लखनऊ । के मोहनलालगंज क्षेत्र में करोड़ों रुपये मूल्य की पैतृक जमीन हड़पने के एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन पर अवैध कब्जा करने की साजिश रची थी। मामले का मुख्य आरोपी मोहम्मद फरीद मिर्जा बताया जा रहा है, जिसने खुद को मृतक का वैध वारिस साबित करने के लिए नकली जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाए। इतना ही नहीं, उसने अपनी जीवित मां को मृत दर्शाते हुए फर्जी डेथ सर्टिफिकेट तैयार कराकर न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया।
इस मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान 46 वर्षीय फुरकान अहमद अब्बासी और 28 वर्षीय अभिषेक यादव के रूप में हुई है। दोनों गोसाईंगंज क्षेत्र के निवासी तथा पेशे से प्रॉपर्टी डीलर हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार इनके खिलाफ पहले से जालसाजी, धोखाधड़ी और गैंगस्टर एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं।
मोहनलालगंज पुलिस की टीम ने 29 मई की शाम कैसरबाग स्थित बारादरी चौराहे से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि गैंग ने फर्जी एग्रीमेंट के जरिए प्राप्त धनराशि को विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कर लेन-देन को छिपाने का प्रयास किया। पुलिस जांच में सभी दस्तावेज नकली पाए गए हैं। मामले का मुख्य आरोपी समेत तीन अन्य आरोपी पहले से जेल में बंद हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।








