मीरजापुर । जनपद में व्यवहारिक प्रशिक्षण अवधि पूर्ण होने तथा स्थानांतरण के उपरांत सहायक पुलिस अधीक्षक कनिष्क आर. जामकर को पुलिस लाइन में आयोजित एक गरिमामय समारोह में भावभीनी विदाई दी गई। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।

समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने कनिष्क आर. जामकर के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके समर्पण, अनुशासन और कार्यकुशलता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण अवधि के दौरान उन्होंने पुलिस विभाग की जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और लगन के साथ किया, जो उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है।

विदाई अवसर पर कनिष्क आर. जामकर को पुष्पमाला, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके साथ बिताए गए अनुभवों को साझा करते हुए उनके आगामी दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दीं।

समारोह में पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी लालगंज, क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी चुनार, क्षेत्राधिकारी लाइन/यातायात, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का माहौल आत्मीयता और सम्मान से परिपूर्ण रहा, जहां सभी ने उनके सफल, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।






