वाराणसी । रेलवे बोर्ड के सदस्य (कर्षण एवं रोलिंग स्टॉक) आर. राजगोपाल ने शनिवार को बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) का व्यापक निरीक्षण कर उत्पादन, गुणवत्ता, तकनीकी नवाचार और अवसंरचना विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें विभिन्न परियोजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने लोको फ्रेम शॉप, लोको असेंबली शॉप, ट्रक मशीन शॉप, लोको टेस्ट शॉप और मेन गेज रूम का भ्रमण कर रेल इंजनों के निर्माण, परीक्षण और गुणवत्ता नियंत्रण प्रक्रियाओं का अवलोकन किया। अभिकल्प विभाग में विकसित नई तकनीकों, लोको डिजाइनों और भावी योजनाओं की भी समीक्षा की गई। इस अवसर पर राजगोपाल और महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास का संदेश दिया।

समीक्षा बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में बरेका ने निर्धारित लक्ष्य से अधिक 572 रेल इंजनों का उत्पादन कर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। बैठक में अमृत भारत पुश-पुल डब्ल्यूएपी-7 इंजन, कवच सुरक्षा प्रणाली, उन्नत प्रोपल्शन तकनीक, ट्रैक्शन मोटर परीक्षण तथा आधुनिक निरीक्षण व्यवस्थाओं पर विशेष चर्चा हुई। साथ ही निर्यात, गैर-रेलवे ग्राहकों के लिए डीजल इंजन निर्माण और भविष्य की उत्पादन योजनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बरेका द्वारा सौर ऊर्जा, बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली (BESS), ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण संबंधी परियोजनाओं की जानकारी भी दी गई। राजगोपाल ने ‘मेक इन इंडिया–मेक फॉर द वर्ल्ड’ के तहत बरेका के योगदान की सराहना करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कृत करने की घोषणा की।





