Search
Close this search box.

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: ट्रेलर में पीछे से घुसी डीसीएम, चालक आयुष कुमार की दर्दनाक मौत

गाजीपुर । जनपद के कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें डीसीएम चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा मोईद्दीनपुर गांव के सामने उस समय हुआ जब बिहार से माल लादकर सिद्धार्थनगर जा रही एक डीसीएम तेज रफ्तार में आगे चल रहे ट्रेलर से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डीसीएम का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया।

सूचना मिलते ही कासिमाबाद पुलिस और एक्सप्रेसवे सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद चालक को वाहन से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान आयुष कुमार (20) पुत्र मानसिंह निवासी नगला मणि, थाना बसरेहर, जनपद इटावा के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा परिजनों को घटना की सूचना दे दी।

प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चालक को झपकी आने के कारण यह दुर्घटना हुई होगी। हालांकि पुलिस अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों द्वारा ट्रेलर की गति, उसकी स्थिति तथा किसी तकनीकी खराबी की संभावना की भी पड़ताल की जा रही है।

हादसे के बाद कुछ समय तक एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर मार्ग को सुचारु कराया गया। इस दुर्घटना ने एक बार फिर लंबी दूरी की यात्रा के दौरान सतर्कता और पर्याप्त विश्राम की आवश्यकता को उजागर कर दिया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

उमेश यादव रिपोर्टिंग गाजीपुर।

Leave a Comment

और पढ़ें