वाराणसी । 31 मई 2026 भीषण गर्मी के बीच रेल यात्रियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन तथा वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (कैरेज एंड वैगन) अनुभव पाठक के नेतृत्व में ग्रीष्मकालीन जल सेवा अभियान के तहत मऊ रेलवे स्टेशन पर नि:शुल्क जल सेवा शिविर का आयोजन किया गया। भारत स्काउट एवं गाइड जिला संघ वाराणसी शाखा, मऊ के सुभाष ग्रुप और स्वरूप रानी गाइड ग्रुप द्वारा संचालित इस सेवा शिविर में यात्रियों को ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया गया।

अभियान के दौरान स्काउट्स एवं गाइड्स ने गाड़ी संख्या 14005 एक्सप्रेस, 15129 इंटरसिटी, 15130 इंटरसिटी सहित अन्य यात्री ट्रेनों के जनरल कोचों में पहुंचकर यात्रियों को ठंडा पानी पिलाया। भीषण गर्मी में यह सेवा यात्रियों के लिए विशेष रूप से लाभकारी साबित हुई और यात्रियों ने इस मानवीय पहल की सराहना की।

ग्रीष्मकालीन जल सेवा अभियान का संचालन रोवर लीडर विनोद कुशवाहा एवं स्काउट मास्टर पुष्कर कुमार के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर 08 स्काउट्स-गाइड्स ने सक्रिय सहभागिता निभाई। वहीं ग्रुप लीडर राकेश कुमार, उप मुख्य टिकट निरीक्षक तथा अन्य रेल कर्मचारियों ने भी अभियान में सहयोग प्रदान कर सेवा कार्य को सफल बनाया।

रेल प्रशासन द्वारा संचालित यह जनसेवा अभियान यात्रियों को गर्मी से राहत देने के साथ-साथ सेवा, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को भी सुदृढ़ कर रहा है।








