वाराणसी । नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शुक्रवार को अलईपुरा वार्ड का स्थलीय निरीक्षण कर क्षेत्र में साफ-सफाई, सीवर, पेयजल, इंटरलॉकिंग तथा मार्ग निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

अलईपुरा रेलवे डॉट पुल के समीप स्थानीय निवासियों ने नगर आयुक्त को बताया कि क्षेत्र की सीवर लाइन अत्यंत पुरानी हो चुकी है तथा कई स्थानों पर धंस जाने के कारण बार-बार सीवर जाम की समस्या उत्पन्न होती है। इस पर नगर आयुक्त ने अधिशासी अभियंता जलकल को नई सीवर लाइन बिछाने का प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत करने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

डॉट पुल के पूर्वी भाग की बाईं गली में रहने वाले लोगों ने पेयजल आपूर्ति में कम दबाव तथा अंतिम छोर तक पानी न पहुंचने की समस्या रखी। नागरिकों ने बताया कि क्षेत्र की पाइपलाइन भी काफी पुरानी हो चुकी है। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को नई पेयजल पाइपलाइन बिछाने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान उन्होंने कच्चे नाले की सफाई व्यवस्था का भी अवलोकन किया और नाले की तल्ली झाड़ सफाई कर जल निकासी को सुचारु बनाने के निर्देश दिए।
क्षेत्रीय नागरिकों से संवाद के दौरान लोगों ने नियमित सफाई व्यवस्था पर संतोष जताया। नगर आयुक्त ने सफाई कार्यों को और बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया।
इस अवसर पर पार्षद प्रतिनिधि इम्तियाजउद्दीन, विकास कुरील, अधिशासी अभियंता (सिविल), अधिशासी अभियंता (जलकल) अश्विनी भास्कर, सफाई निरीक्षक अवनीश दुबे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।








