गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र में चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी असद के घर पर नोटिस चस्पा कर दिया है। अधिकारियों ने पूरे इलाके में मुनादी कराकर घर से जुड़े अवैध कब्जे को 15 दिनों के भीतर हटाने का अल्टीमेटम दिया है। बताया जा रहा है कि यह मकान आरोपी असद के पिता के नाम पर पंजीकृत है।
गौरतलब है कि 28 मई को असद नामक युवक पर सूर्या चौहान की चाकू मारकर हत्या करने का आरोप लगा था। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी थी और बाद में मुठभेड़ में उसे मार गिराया गया। इससे पहले सूर्या चौहान की मां ने बेटे के हत्यारे के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग करते हुए भावुक अपील की थी। प्रशासन की ताजा कार्रवाई को इसी मामले में आगे की सख्त कदम के रूप में देखा जा रहा है।









