गाजीपुर । जनपद के राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम (एनएडीसीपी) के तहत खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) टीकाकरण अभियान के आठवें चरण का बुधवार को शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने राइफल क्लब से टीकाकरण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह अभियान 5 सितंबर तक चलेगा, जिसमें जिले के 6 लाख 19 हजार 400 गाय एवं भैंसों का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा।मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद कुमार शाही ने बताया कि एफएमडी पशुओं में तेजी से फैलने वाला संक्रामक रोग है, जिससे बुखार, कमजोरी तथा मुंह और खुरों में छाले हो जाते हैं।
उन्होंने कहा कि समय पर टीकाकरण से इस बीमारी की प्रभावी रोकथाम संभव है।अभियान के लिए जिले के सभी 16 विकास खंडों में 48 टीमें गठित की गई हैं, जो गांव-गांव जाकर पशुओं का टीकाकरण करेंगी। पशुपालन विभाग ने सभी पशुपालकों से अपने पशुओं का टीकाकरण अवश्य कराने की अपील की है।
ब्यूरो गाजीपुर संजय यादव।








