वाराणसी । बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के प्रशासन भवन स्थित कीर्ति कक्ष में रविवार को एक भावनात्मक एवं गरिमामय समारोह आयोजित कर माह मई 2026 में सेवानिवृत्त हुए एक अधिकारी सहित छह कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। वर्षों तक संस्थान की सेवा करने वाले इन कर्मयोगियों को बरेका परिवार ने सम्मान, कृतज्ञता और शुभकामनाओं के साथ नई जीवन यात्रा के लिए विदा किया।

दोसमारोह में सहायक कार्य प्रबंधक जयप्रकाश जैन, कार्यालय अधीक्षक मार्कण्डेय मिश्रा, मुख्य फार्मासिस्ट एंटोनी सिंह, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता अशोक कुमार वर्मा, सीडीएमएस मोहम्मद अख्तर खान, वरिष्ठ तकनीशियन लालजी तथा तकनीशियन (फिटर) राम बिनेश्वर प्रसाद को सम्मानित किया गया।

प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी ने कहा कि सेवानिवृत्ति किसी यात्रा का अंत नहीं, बल्कि अनुभवों और उपलब्धियों से भरी नई शुरुआत है। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारियों ने अपने समर्पण, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा से बरेका की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इस अवसर पर उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों का माल्यार्पण कर फोल्डर भेंट किया।
समारोह के दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपने सेवाकाल की यादें साझा करते हुए बरेका को परिवार जैसा संस्थान बताया। उप मुख्य कार्मिक अधिकारी समीर पाल ने उनके योगदान की सराहना करते हुए स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की शुभकामनाएं दीं। वहीं मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. अब्दुल माबूद ने स्वस्थ जीवन के लिए उपयोगी सुझाव दिए।
कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन सहायक कार्मिक अधिकारी (मुख्यालय) राम प्रवेश यादव ने किया। आत्मीयता और सम्मान से भरे माहौल में समारोह का समापन हुआ।









