वाराणसी । अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन (आरडीएसओ) के महानिदेशक प्रभास दनसाना ने सोमवार को बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत से शिष्टाचार भेंट कर भारतीय रेल के तकनीकी आधुनिकीकरण, अनुसंधान एवं विकास, लोको मानकीकरण तथा भविष्य की तकनीकी आवश्यकताओं पर विस्तृत चर्चा की।

निरीक्षण के दौरान दनसाना ने लोको फ्रेम शॉप, लोको असेंबली शॉप, ट्रक मशीन शॉप तथा लोको टेस्ट शॉप का भ्रमण किया। उन्होंने रेल इंजनों के निर्माण की विभिन्न प्रक्रियाओं, गुणवत्ता नियंत्रण व्यवस्थाओं तथा आधुनिक वेल्डिंग तकनीकों का गहन अवलोकन किया। उन्होंने उत्पादन दक्षता, तकनीकी उत्कृष्टता और गुणवत्ता मानकों के प्रति बरेका की प्रतिबद्धता की सराहना की।

महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने बरेका की उपलब्धियों और लोको उत्पादन क्षमता की जानकारी देते हुए भविष्य की योजनाओं से अवगत कराया। दौरे के दौरान मुख्य विद्युत इंजीनियर (लोको) अरविंद कुमार जैन, उप मुख्य विद्युत इंजीनियर सुदीप रावत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में अनुसंधान, नवाचार और उत्पादन इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा उन्नत तकनीकों के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से भारतीय रेल को अधिक सुरक्षित, आधुनिक और दक्ष बनाने पर विशेष बल दिया गया।









