Search
Close this search box.

बैंकॉक से वाराणसी आई फ्लाइट में 19.70 करोड़ का हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद, 6 थाई नागरिक गिरफ्तार

बाबतपुर । लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम विभाग और सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंकॉक से आई एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से करीब 19 किलो 700 ग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा (वीड) बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग 19.70 करोड़ रुपये बताई जा रही है। मामले में तीन पुरुष और तीन महिलाओं समेत कुल छह थाई नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है।

कस्टम एयर इंटेलिजेंस यूनिट (एआईयू) ने एडवांस पैसेंजर इंफॉर्मेशन सिस्टम के आधार पर संदिग्ध यात्रियों की पहचान की। जांच के दौरान उनके ट्रॉली बैगों की एक्स-रे स्कैनिंग की गई, जिसमें बैग की निचली सतह में छिपाकर रखी गई ड्रग्स की खेप बरामद हुई। सात सदस्यीय समूह में शामिल छह यात्रियों के पास से यह प्रतिबंधित मादक पदार्थ मिला।

पूछताछ में आरोपियों ने खुद को धार्मिक पर्यटक बताते हुए सारनाथ के स्तूप की तस्वीरें दिखाईं, लेकिन जांच में उनकी दलीलें टिक नहीं सकीं। अधिकारियों का मानना है कि तीर्थयात्रा की आड़ में तस्करी की जा रही थी।

एक सप्ताह के भीतर बाबतपुर एयरपोर्ट पर यह दूसरी बड़ी ड्रग्स बरामदगी है। कस्टम विभाग ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। अब अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट और उसके स्थानीय नेटवर्क की जांच की जा रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें