सोनभद्र/दिनांक 01 जून, 2026 : जनपद के प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार के स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने सोमवार को विकास खण्ड नगवां के ग्राम पंचायत पडरी पहुंचकर मृतक राजेश जायसवाल के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया तथा मुख्यमंत्री राहत कोष से स्वीकृत 05 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया।
प्रभारी मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री जी के निर्देश के क्रम में वे स्वयं पीड़ित परिवार से मिलने और शासन की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यहां आए हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता और मजबूती के साथ खड़ी है।
उन्होंने कहा कि घटना में जो भी व्यक्ति संलिप्त पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। मामले की जांच पुलिस विभाग द्वारा गंभीरता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ की जा रही है तथा किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा ने प्रभारी मंत्री को प्रकरण से संबंधित अद्यतन जानकारी से अवगत कराया। साथ ही परिजनों को प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सहायता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष नन्दलाल गुप्ता, जनप्रतिनिधिगण, प्रशासनिक अधिकारीगण एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।








