वाराणसी । जनपद के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुआ खेलने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से ताश के पत्ते और नकदी बरामद कर जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, 31 मई 2026 को थाना मिर्जामुराद पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लखवा बगीचा के पास कुछ लोग हार-जीत की बाजी लगाकर ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी कर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मुक्तार अहमद (34) निवासी मधुकर शाहपुर, संजय चौबे (50) निवासी भोरकला तथा सुनिल चौबे (42) निवासी भोरकला, थाना मिर्जामुराद के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने 52 ताश के पत्ते, मालफड़ के 1250 रुपये तथा जामा तलाशी से 800 रुपये सहित कुल 2050 रुपये नकद बरामद किए।
इस संबंध में थाना मिर्जामुराद में मु.अ.सं. 150/2026 के तहत धारा 13 जुआ अधिनियम में मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी कुशवाहा, उपनिरीक्षक कौशल किशोर, उपनिरीक्षक मुन्ना लाल दूबे, कांस्टेबल कमलेश कुमार यादव तथा आरक्षी सूरज कुमार गौड़ शामिल रहे।







