गाजीपुर । जनपद में होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष आलोक राय ने अपने पुत्र विनीत राय की हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर हत्यारों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो वह अपने परिवार के साथ मुख्यमंत्री आवास के सामने आत्मदाह करेंगे।
गौरतलब है कि शुक्रवार रात अज्ञात हमलावरों ने विनीत राय की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद से कटरा गैंग का कथित सरगना शंकर पांडेय और उसके साथी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं तथा कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
आलोक राय ने आरोप लगाया कि कटरा गैंग को लंबे समय से कुछ पुलिसकर्मियों का संरक्षण मिलता रहा, जिससे अपराधियों के हौसले बढ़े। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कुछ पुलिस अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए।
घटना के बाद एडीजी पीयूष मोर्डिया और डीआईजी वैभव कृष्ण ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जबकि डीजीपी राजीव कृष्ण ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। मामले में कोतवाली प्रभारी महेंद्र सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
मृतक परिवार से मिलने पहुंचे Dharmendra Singh ने भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि खतरे की सूचना पहले से थी तो समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं हुई। जिले भर में इस हत्याकांड को लेकर आक्रोश व्याप्त है और लोग जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।










