Search
Close this search box.

विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के तहत रेलवे स्टेशनों पर जल एवं ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता अभियान

वाराणसी । 02 जून 2026। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन तथा वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (EnHM) अभिषेक राय के नेतृत्व में विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के उपलक्ष्य में “जल और ऊर्जा संरक्षण” थीम पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों, रेलवे कॉलोनियों और कार्यालय परिसरों में जागरूकता कार्यक्रम एवं संरक्षण गतिविधियों का आयोजन किया गया।

अभियान के तहत स्वास्थ्य निरीक्षकों एवं संविदा कर्मचारियों ने जल और ऊर्जा स्रोतों के समुचित उपयोग, टिकाऊ पर्यावरणीय प्रथाओं को अपनाने, अपशिष्ट में कमी लाने तथा पर्यावरण संरक्षण में सामुदायिक भागीदारी बढ़ाने के लिए लोगों को जागरूक किया। इस दौरान जल संरक्षण को बढ़ावा देने, ऑटोमेटिक कोच वाशिंग प्लांट (ACWP) सहित जल पुनर्चक्रण प्रणालियों के निरीक्षण तथा पानी और ऊर्जा की बचत के उपायों की जानकारी दी गई।

पब्लिक अनाउंसमेंट (PA) के माध्यम से यात्रियों और आमजन तक पर्यावरण संरक्षण का संदेश पहुंचाया गया। साथ ही मिशन LiFE के अंतर्गत प्रकृति-अनुकूल जीवनशैली अपनाने, ई-वेस्ट के वैज्ञानिक निस्तारण, पुनर्चक्रण और खाद निर्माण की प्रक्रियाओं के बारे में भी जागरूक किया गया।

आजमगढ़, वाराणसी सिटी, बनारस, भटनी, बलिया, छपरा, देवरिया सदर, गाजीपुर सिटी, मऊ, प्रयागराज रामबाग, सीवान, बेल्थरा रोड और सलेमपुर सहित प्रमुख स्टेशनों पर आयोजित इन कार्यक्रमों में रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों, हाउसकीपिंग स्टाफ, रेल यात्रियों तथा स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

Leave a Comment

और पढ़ें