बलिया । भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य जनपद बलिया में तेजी से जारी है। मंगलवार को अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) एवं जिला जनगणना अधिकारी अनिल कुमार के निर्देशन में मकान सूचीकरण ब्लॉक (एचएलबी) संख्या-109 में जनगणना कार्य संपन्न कराया गया। इस दौरान प्रगणक दीपक कुमार गुप्ता ने जिलाधिकारी आवास को जनगणना भवन क्रमांक-16 आवंटित करते हुए आवश्यक गणना प्रक्रिया पूरी की।

जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) आईडी उपलब्ध कराई, जिसे प्रगणक ने एचएलओ (HLO) ऐप में दर्ज किया। डिजिटल माध्यम से पूरी प्रक्रिया मात्र दो मिनट में सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। जनगणना कार्य पूर्ण होने पर जिलाधिकारी ने प्रगणक का मिष्ठान खिलाकर उत्साहवर्धन किया और उनके कार्य की सराहना की।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय सहयोग करें तथा सही और तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि सटीक आंकड़े विकास योजनाओं की आधारशिला होते हैं। साथ ही सभी प्रगणकों और सुपरवाइजरों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूरा करें। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर अभिनेंद्र सिंह, जनगणना प्रभारी मंदेश चौरसिया, नगर पालिका परिषद बलिया के अभिषेक कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।









