वाराणसी। 02 जून 2026 पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने मंगलवार को वाराणसी मंडल के सेवित क्षेत्रों के 11 सांसदों एवं 14 सांसद प्रतिनिधियों के साथ मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित भारतेंदु सभाकक्ष में बैठक कर रेल विकास, यात्री सुविधाओं और आधारभूत संरचना से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन, मुख्यालय एवं मंडल के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

बैठक की अध्यक्षता छपरा सांसद राजीव प्रताप रूडी ने की। उन्होंने छपरा कचहरी स्टेशन पर कोरोना काल से बंद ट्रेनों के ठहराव बहाल करने, कई ट्रेनों के विस्तार तथा छपरा, सिवान और बलिया से पटना के लिए नई मेमू/डीएमयू सेवाएं शुरू करने का प्रस्ताव रखा। राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने शिवगंगा एवं बनारस-नई दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस में प्रथम श्रेणी यात्रियों के लिए पूर्व से बेडरोल उपलब्ध कराने तथा रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में सेनेटरी नैपकिन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का सुझाव दिया।

राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने बनारस, वाराणसी जंक्शन और वाराणसी सिटी के बीच लोकल ट्रेन अथवा रेल बस चलाने तथा अंडरपासों में जलभराव रोकने की मांग की। गाजीपुर सांसद अफजाल अंसारी ने गाजीपुर सिटी-मऊ नई लाइन परियोजना की प्रगति, विभिन्न रेलवे क्रॉसिंगों पर ओवरब्रिज निर्माण तथा युसुफपुर स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल करने का प्रस्ताव दिया।

बैठक में सलेमपुर सांसद रमाशंकर राजभर, घोसी सांसद राजीव राय, चंदौली सांसद वीरेंद्र सिंह, जौनपुर सांसद बाबू सिंह कुशवाहा, महाराजगंज (बिहार) सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, राज्यसभा सांसद नीरज शेखर तथा डॉ. संगीता बलवन्त सहित अन्य सांसदों एवं प्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े रेलवे विकास कार्यों, नई ट्रेन सेवाओं, अंडरपास, स्टेशन उन्नयन और यात्री सुविधाओं से संबंधित सुझाव प्रस्तुत किए।

महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने कहा कि सांसदों के सुझाव रेलवे को जन अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करने में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान करते हैं। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में वाराणसी मंडल में 47.93 किलोमीटर मल्टी ट्रैकिंग, 49.64 किलोमीटर ऑटोमेटिक ब्लॉक सिग्नलिंग तथा 28 समपार फाटकों के इंटरलॉकिंग कार्य पूरे किए गए हैं। इसके अलावा कई नई ट्रेन सेवाओं का संचालन शुरू किया गया है और 19 अमृत स्टेशनों के पुनर्विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं।
उन्होंने आश्वासन दिया कि बैठक में प्राप्त महत्वपूर्ण सुझावों पर गंभीरता से विचार कर स्थानीय जनता, व्यापारियों एवं दैनिक यात्रियों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।





