Search
Close this search box.

विंध्य कॉरिडोर में ‘बिन्ध्य प्रसादम’ एवं ‘विंध्य गिफ्ट शॉप’ का शुभारंभ

मिर्जापुर। विंध्य कॉरिडोर परिसर में अमूल पार्लर के बगल स्थित ‘बिन्ध्य प्रसादम’ एवं ‘विंध्य गिफ्ट शॉप’ का उद्घाटन नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा द्वारा जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं मुख्य विकास अधिकारी की उपस्थिति में किया गया। यह पहल स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा उनके उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

इस अवसर पर बताया गया कि विंध्य धाम आने वाले श्रद्धालुओं के लिए ‘बिन्ध्य प्रसादम’ तीन श्रेणियों—500 रुपये, 800 रुपये और 1200 रुपये—में उपलब्ध होगा। प्रत्येक प्रसादम पैक में मां विंध्यवासिनी देवी मंदिर का प्रतिरूप, पूजन सामग्री तथा प्रसाद शामिल रहेगा, जिससे श्रद्धालुओं को एक विशेष धार्मिक स्मृति भी प्राप्त होगी।

इसके साथ ही ‘विंध्य गिफ्ट शॉप’ में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित विभिन्न उपयोगी उत्पाद उपलब्ध कराए जाएंगे। गिफ्ट बॉक्स में दैनिक जीवन में उपयोग होने वाली वस्तुएं शामिल होंगी, जिन्हें स्थानीय समूहों की महिलाओं ने तैयार किया है। दुकान पर महिलाओं द्वारा निर्मित आकर्षक साड़ियां भी बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगी।

अधिकारियों ने कहा कि यह पहल स्थानीय महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने, उनकी आय में वृद्धि करने तथा विंध्य धाम आने वाले श्रद्धालुओं को स्थानीय उत्पादों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उद्घाटन के दौरान उपस्थित लोगों ने इस प्रयास की सराहना की और इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया।

Leave a Comment

और पढ़ें