Search
Close this search box.

बनारस स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों का महाप्रबंधक ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता व समयबद्धता पर दिया जोर

वाराणसी । 02 जून 2026 पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के साथ बनारस रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर अमृत भारत स्टेशन पुनर्विकास योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने निर्माणाधीन 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज का स्थलीय निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने आईआरसीटीसी द्वारा संचालित विश्रामगृह, डोरमेटरी और प्रतीक्षालयों का भी अवलोकन किया तथा इन सुविधाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर बल दिया। उन्होंने स्टेशन परिसर में स्थापित सोलर पैनलों और विद्युत वितरण प्रणाली का निरीक्षण कर ग्रीन एनर्जी के उपयोग की जानकारी प्राप्त की।

महाप्रबंधक ने यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा करते हुए डिजिटल चार्जिंग कियोस्क, डिजिटल नेविगेशन प्रणाली, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल, टिकटिंग, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था तथा दिव्यांगजनों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार करते हुए गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी को यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सतर्कता बढ़ाने का निर्देश दिया। साथ ही स्टेशन पर चल रहे विभिन्न अधोसंरचना विकास कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने पर जोर दिया।

इस अवसर पर प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक पी.सी. जायसवाल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर नील मणि, प्रमुख मुख्य सुरक्षा आयुक्त सत्य प्रकाश सहित रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें