चन्दौली। डीडीयू नगर पूर्व मध्य रेल के पंडित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मंडल द्वारा मई 2026 में सेवानिवृत्त हुए रेलकर्मियों के सम्मान में इंडियन इंस्टीट्यूट कॉलोनी स्थित सामुदायिक भवन में समापक भुगतान समारोह आयोजित किया गया। कार्मिक विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने मुख्य अतिथि के रूप में 27 सेवानिवृत्त कर्मचारियों को विभिन्न मदों में कुल ₹14,02,71,122 का समापक भुगतान तथा आवश्यक दस्तावेज सौंपे।
समारोह के दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारियों और उनके परिजनों का स्वागत किया गया तथा पेंशन, वित्तीय देयों, स्वास्थ्य जागरूकता, डिजिटल सुरक्षा और सेवानिवृत्ति के बाद उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई। अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक ने कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद और सक्रिय जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि डीडीयू मंडल की उपलब्धियों में इन रेलकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और मंडल उनके योगदान के लिए सदैव आभारी रहेगा।
कार्यक्रम में वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी नीरज कुमार, एसबीआई प्रबंधक प्रिंस कुमार, विभिन्न शाखा अधिकारी, यूनियन एवं एसोसिएशन प्रतिनिधि, रेलकर्मी और उनके परिजन उपस्थित रहे। समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी आकर्षण का केंद्र बनाया।
संजय शर्मा ब्यूरो चन्दौली।








