चन्दौली । पुलिस ने गुमशुदा और खोए हुए मोबाइल फोन बरामद करने के अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में CEIR पोर्टल से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर स्वाट और सर्विलांस टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 111 मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद किए। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग 33 लाख 30 हजार रुपये बताई गई है।
बुधवार को पुलिस लाइन चन्दौली के नवीन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ने अपर पुलिस अधीक्षक सदर की उपस्थिति में बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। लंबे समय बाद अपने मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने पुलिस टीम के प्रयासों की सराहना की।

मोबाइल बरामदगी अभियान में चन्दौली, सकलडीहा, मुगलसराय, धीना, सैयदराजा, चकरघट्टा, नौगढ़, धानापुर, शहाबगंज सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों से मोबाइल ट्रेस किए गए। अभियान में स्वाट टीम प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव और सर्विलांस टीम प्रभारी आशीष मिश्रा के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने तकनीकी संसाधनों और सतत प्रयासों के जरिए सफलता प्राप्त की। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से मोबाइल खोने या चोरी होने पर तत्काल CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।
संजय शर्मा ब्यूरो चन्दौली।








