गाजीपुर । युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं जिला सेवायोजन कार्यालय द्वारा राजकीय आईटीआई परिसर में एक विशाल प्लेसमेंट इवेंट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर अधिकारियों ने उपस्थित युवाओं को अपनी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार प्राप्त करने के लिए प्रेरित करते हुए ऐसे आयोजनों को रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्लेसमेंट इवेंट युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनियों से सीधे जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं, जिससे उन्हें निजी क्षेत्र में रोजगार हासिल करने में सहायता मिलती है। उन्होंने बताया कि युवाओं को देश और विदेश में रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए सेवायोजन विभाग द्वारा विकसित एकीकृत पोर्टल ‘रोजगार संगम’ के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण की सरल और त्वरित सुविधा उपलब्ध कराई गई है। साथ ही रोजगार, करियर मार्गदर्शन एवं अन्य आवश्यक जानकारी के लिए विभाग की निःशुल्क हेल्पलाइन 155330 भी संचालित की जा रही है।
कार्यक्रम में विजन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा गुजरात के अहमदाबाद स्थित मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के लिए एफटीसी (फिक्स्ड टर्म कॉन्ट्रैक्ट) पदों पर भर्ती प्रक्रिया संचालित की गई। प्लेसमेंट इवेंट में लगभग 1600 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जबकि कुल 500 पदों पर भर्ती की जा रही है।
जिला प्रशासन के इस प्रयास को युवाओं ने उत्साहपूर्वक स्वीकार किया। बड़ी संख्या में प्रतिभागियों की उपस्थिति ने यह साबित किया कि ऐसे रोजगार मेले युवाओं के भविष्य को नई दिशा देने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।








