Search
Close this search box.

दिनदहाड़े साइकिल सवार मुंशी की गोली मारकर हत्या,

चन्दौली । जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र स्थित पटपरा गांव के पास शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे बदमाशों ने साइकिल से घर लौट रहे एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

मृतक की पहचान 42 वर्षीय मनोज कुमार पुत्र भगवान राम, निवासी चतुर्भुजपुर छिड़े, थाना मुगलसराय के रूप में हुई है। वह चंदासी कोयला मंडी स्थित एक धर्मकांटे पर मुंशी के पद पर कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार, मनोज किसी कार्य से पटपरा क्षेत्र गए थे और वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने मनोज कुमार की कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल, क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह, अलीनगर थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और क्राइम ब्रांच मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।

परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार मनोज कुमार का स्वभाव मिलनसार था तथा उनकी किसी से दुश्मनी की जानकारी नहीं है। ऐसे में हत्या के पीछे का कारण फिलहाल रहस्य बना हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है। दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

Leave a Comment

और पढ़ें