Search
Close this search box.

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर चंदौली में छात्रों ने मनाई खुशी, मिठाई बांटकर जताया उत्साह

चन्दौली। /डीडीयू नगर NEET परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में चल रहे छात्र आंदोलन के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खबर के बाद चंदौली में छात्रों और युवाओं ने खुशी जताई। छात्रों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया और कहा कि यह फैसला लोकतांत्रिक व्यवस्था में जवाबदेही की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

छात्रों का कहना था कि लोकतंत्र में किसी भी संवैधानिक और जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति को अपने कार्यों के प्रति जवाबदेह होना चाहिए। NEET पेपर लीक जैसे गंभीर मामले ने देशभर के लाखों विद्यार्थियों के भविष्य और परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े किए हैं। ऐसे में छात्रों की मांग थी कि परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जिम्मेदारी सुनिश्चित की जाए।

युवाओं ने कहा कि उनका आंदोलन केवल किसी व्यक्ति के इस्तीफे तक सीमित नहीं है। उनकी लड़ाई निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली, पेपर लीक पर प्रभावी रोक, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई तथा विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए जारी रहेगी।

छात्रों ने कहा कि युवाओं की एकजुट और लोकतांत्रिक आवाज ने यह साबित कर दिया है कि जनहित से जुड़े मुद्दों को लंबे समय तक नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने सरकार से परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार कर विद्यार्थियों का विश्वास बहाल करने की मांग की।

ब्यूरो चन्दौली संजय शर्मा।

Leave a Comment

और पढ़ें