चन्दौली। /डीडीयू नगर नगर कोतवाली मुगलसराय में थाना दिवस के अवसर पर शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान एसडीएम राजीव मोहन सक्सेना और थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने एक-एक कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण का भरोसा दिलाया।

समाधान दिवस में सबसे अधिक शिकायतें भूमि विवाद से संबंधित रहीं। फरियादियों ने अधिकारियों के समक्ष राजस्व विभाग से जुड़े मामलों में देरी और लंबे समय से चल रहे विवादों की शिकायत की। लोगों का कहना था कि समय पर समाधान नहीं होने के कारण उन्हें बार-बार अधिकारियों और थाने के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जिससे विवाद बढ़ने की स्थिति बनी रहती है।
एसडीएम राजीव मोहन सक्सेना ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें मौके पर जाकर मामलों की जांच करेंगी, ताकि वास्तविक स्थिति का पता लगाकर निष्पक्ष समाधान कराया जा सके।
थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने कहा कि थाना दिवस में प्राप्त सभी शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है। संबंधित टीमों को मौके पर भेजकर जांच कराई जाएगी और कानून के अनुसार निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
ब्यूरो चन्दौली संजय शर्मा।









