मीरजापुर । उत्तर प्रदेश वाहिनी एनसीसी बटालियन, मिर्जापुर द्वारा जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, परसिया में आयोजित वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC-314) के आठवें दिन ग्रुप कमांडर वी.के. पंजीयार ने शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में संचालित विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों, व्यवस्थाओं एवं कार्यक्रमों का अवलोकन कर उनकी समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान ग्रुप कमांडर ने शिविर के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए कैम्प कमांडेंट कर्नल राकेश उपाध्याय को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने शिविर की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए इसे अनुकरणीय शिविर बताया।
इस अवसर पर उन्होंने चयनित कैडेटों को उनके पदानुसार रैंक भी लगाए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कैडेटों को संबोधित करते हुए उन्होंने अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रसेवा और चरित्र निर्माण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एनसीसी केवल सैन्य प्रशिक्षण ही नहीं बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास का भी सशक्त माध्यम है।
कार्यक्रम में अधिकारीगण, एएनओ, पीआई स्टाफ एवं बड़ी संख्या में कैडेट उपस्थित रहे। ग्रुप कमांडर के प्रेरणादायक संबोधन से कैडेटों में नया उत्साह, ऊर्जा एवं राष्ट्रसेवा की भावना का संचार हुआ।








