चन्दौली । अलीनगर थाना क्षेत्र के पटपरा गांव के पास 6 जून को दिनदहाड़े हुई मनोज कुमार की हत्या का चंदौली पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या के पीछे ब्याज के पैसों का विवाद और पुरानी रंजिश मुख्य कारण थे। मामले का मुख्य साजिशकर्ता रेलवे में लोको पायलट के पद पर तैनात कृष्ण भगवान सिंह निकला, जिसने डेढ़ लाख रुपये की सुपारी देकर बिहार के शूटरों से वारदात को अंजाम दिलवाया।

पुलिस के अनुसार, मृतक मनोज कुमार को रुपये देने का झांसा देकर घर से बुलाया गया और सुनसान स्थान पर ले जाकर पहले सिर तथा फिर सीने में गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया। पूछताछ में मुख्य आरोपी ने हत्या की पूरी साजिश स्वीकार कर ली।
संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शूटर सूरज उर्फ राजेश यादव को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के समय उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी। पुलिस ने उसके पास से हत्या में प्रयुक्त .32 बोर पिस्टल, खोखा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की निगरानी में अलीनगर पुलिस और सर्विलांस टीम ने इस चुनौतीपूर्ण मामले का सफल अनावरण किया। उत्कृष्ट कार्यवाही से प्रभावित होकर एडीजी वाराणसी जोन ने पुलिस टीम को 50 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।








